जन्मदिन की पार्टी नहीं दी तो दोस्त ने अधिवक्ता को भेजा नोटिस, पार्टी लेकर रहेंगे अन्यथा लेंगे न्यायालय की शरण
₹41,250 क्षतिपूर्ति का दावा; अधिवक्ता बोले- पार्टी दी थी, नोटिस का जवाब नोटिस से देंगे
दमोह। जन्मदिन की पार्टी को लेकर दो दोस्तों के बीच शुरू हुई नोकझोंक अब कानूनी नोटिस तक पहुंच गई है। जिला न्यायालय के अधिवक्ता गोविंद तिवारी को उनके मित्र विशाल सिंह राजपूत ने वरिष्ठ अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेजकर ₹41,250 की क्षतिपूर्ति की मांग की है। मामला मंगलवार को सामने आने के बाद दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी है।
पार्टी का किया था वादा, इकरारनामा भी हुआ
विशाल सिंह राजपूत ने बताया कि गोविंद तिवारी का जन्मदिन 10 अगस्त को था। साथियों ने उनसे जन्मदिन की पार्टी मांगी थी। गोविंद ने अगले रविवार पार्टी देने का आश्वासन दिया। रविवार को पार्टी नहीं होने पर 23 अगस्त को पार्टी देने की बात कही गई। विशाल के अनुसार, इसे लेकर एक इकरारनामा भी लिखा गया, जिस पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं के हस्ताक्षर हुए थे। इसके बावजूद पार्टी नहीं मिलने पर उनके वरिष्ठ अधिवक्ता कमल सिंह ठाकुर के माध्यम से नोटिस भेजा गया।
रेस्टोरेंट में खाना और इलाज का खर्च जोड़ा
विशाल का कहना है कि पार्टी नहीं मिलने पर उन्हें मजबूरी में एक रेस्टोरेंट में ₹1,750 का खाना खाना पड़ा। इसके बाद मानसिक परेशानी के चलते निजी अस्पताल में इलाज कराया, जिसमें ₹39,500 खर्च हुए। इन्हीं खर्चों को आधार बनाकर कुल ₹41,250 की क्षतिपूर्ति की मांग नोटिस में की गई है। नोटिस का जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
अधिवक्ता बोले- पार्टी दी थी, बिल भी मौजूद
अधिवक्ता गोविंद तिवारी का कहना है कि उन्होंने अपने कुछ दोस्तों को जन्मदिन की पार्टी दी थी और उन्हें आमंत्रित भी किया गया था। पार्टी के बिल उनके पास उपलब्ध हैं। उनके सीनियर अधिवक्ता मनीष नगाइच ने कहा कि नोटिस प्राप्त हुआ है और उसका जवाब नोटिस के माध्यम से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामला दो मित्रों के बीच का है, इसलिए मध्यस्थता के जरिए समाधान का प्रयास किया जाएगा।
मामला दोस्ताना अंदाज में सुलझने की उम्मीद
विशाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मामला मित्रवत तरीके से सुलझ जाएगा और उन्हें पार्टी मिलेगी। हालांकि, सात दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे कानूनी कार्रवाई की बात भी कही है। मामला सामने आने के बाद अधिवक्ताओं के बीच यह अनोखी कानूनी नोकझोंक चर्चा का विषय बनी हुई है।
Damoh, Damoh | Sep 1, 2026