*छठ व्रतियों/श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किये जा रहे पुख्ता इंतजाम - डीएम*
*छठ महापर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में..*
*जिलाधिकारी ने छठ महापर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनानें की जिलावासियों से किया अपील*
सिवान, 14 नवंबर 2026
आगामी छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज दाहा नदी स्थित पुलवा घाट के समीप प्रशासनिक कैम्प में श्री विजय प्रकाश मीणा भा०प्र०से०, जिला पदाधिकारी सिवान एवं श्री भारत सोनी भा.पु.से. पुलिस अधीक्षक सिवान की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के विभिन्न छठ घाटों पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित छठ घाटों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में दिए गए कई आवश्यक निदेश:-
*सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर*
जिलाधिकारी ने सभी प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन, व्यवस्थित पार्किंग एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। घाटों एवं पहुंच पथों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) का कार्य ससमय पूर्ण कराने तथा विद्युत संबंधी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया।
*संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग एवं बचाव दल की तैनाती:-*
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने जिन घाटों पर पानी की गहराई अधिक है अथवा गहरे गड्ढे हैं, वहां मजबूत एवं पर्याप्त बैरिकेडिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। ऐसे संवेदनशील स्थलों पर खतरे के संकेतक एवं आवश्यक सूचना पट्ट लगाने तथा पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम की उपलब्धता एवं त्वरित बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
*मूलभूत सुविधाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था :-*
जिलाधिकारी ने सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, कचरा उठाव, मिट्टी भराई, समतलीकरण एवं पहुंच पथ से संबंधित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय एवं चेंजिंग रूम की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, प्रशासनिक शिविर एवं नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया।
*आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश:-*
जिलाधिकारी ने सभी प्रमुख घाटों पर चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया। जलस्तर एवं घाटों की भौगोलिक स्थिति का आकलन करते हुए सुरक्षित स्नान एवं अर्घ्य अर्पण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया।
*विभागों के बीच समन्वय एवं कार्यों की समयबद्ध पूर्णता पर बल:-*
जिलाधिकारी ने नगर परिषद, विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में चल रही तैयारियों की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियां पूरी तत्परता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
प्रभारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,
सिवान।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#chhath_puja #JaiChhathiMaiya #chhathinsiwan
#siwan #सिवान
Siwan, Bihar | Nov 14, 2026