मखदुमपुर प्रखंड के नौगढ़ महादलित टोला पहुंचीं जिला पदाधिकारी, स्वर्गीय शुक्लदेव मांझी के मृत्युपरांत अनाथ बच्चों से मिलकर बंधाया ढांढस; विभिन्न विभागों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
आज दिनांक 18 जुलाई, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया द्वारा मखदुमपुर प्रखंड के नौगढ़ महादलित टोला का भ्रमण कर स्वर्गीय शुक्लदेव मांझी के निधन के उपरांत अनाथ हुए बच्चों एवं परिजनों से मुलाकात की। जिला पदाधिकारी ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को आपदा अनुग्रह अनुदान की राशि शीघ्र उपलब्ध कराने, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई को परवरिश योजना के अंतर्गत पात्र नाबालिग बच्चियों को लाभान्वित करने, श्रम अधीक्षक को बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सामान्य मृत्यु लाभ अनुदान उपलब्ध कराने तथा सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत अनुमन्य सहायता राशि प्रदान करने का निर्देश दिया।
साथ ही शिक्षा विभाग को बच्चियों का स्थानीय विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, मखदुमपुर को परिवार के आधार कार्ड, बैंक खाता सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की व्यवस्था कराने तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं टीबी से ग्रसित बच्ची के इलाज की समुचित व्यवस्था, दवा उपलब्ध कराने तथा नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित स्वास्थ्य पदाधिकारी को दिया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा), सहायक निदेशक (बाल संरक्षण इकाई), श्रम अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।