बिहार विद्या साथी का शुभारंभ, मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेगा 24×7 शैक्षणिक मार्गदर्शन
जहानाबाद। राज्य के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग एवं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में विकसित 24×7 इंटरैक्टिव डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का सोमवार को मुख्यमंत्री ने राज्यव्यापी वर्चुअल शुभारंभ किया। पटना के संकल्प सभागार से आयोजित कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जहानाबाद समाहरणालय में भी प्रसारण किया गया।
समाहरणालय में जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) रमेश कुमार पाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर केसरबाग खैरा मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की और अधिकारियों के साथ प्लेटफॉर्म की विशेषताओं एवं उपयोग की प्रक्रिया की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के चयनित मॉडल विद्यालयों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को ‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से 24×7 निःशुल्क लाइव शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा। विद्यार्थी अपनी आवश्यकता एवं पसंद के अनुसार शिक्षक से जुड़कर पढ़ाई कर सकेंगे तथा विषय से संबंधित समस्याओं और शंकाओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर असीमित अध्ययन की सुविधा के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल्स के माध्यम से विभिन्न विषयों की अवधारणाओं को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को ‘बिहार विद्या साथी’ का नियमित एवं अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप व्यक्तिगत एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को सभी चयनित मॉडल विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और उपयोग की प्रक्रिया की समुचित जानकारी देने का निर्देश दिया।
जिले के सभी 10 चयनित मॉडल विद्यालयों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी व्यक्तिगत शैक्षणिक मार्गदर्शन प्राप्त होगा और बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ नीट, जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिलेगी।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को चयनित मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता कराने का निर्देश दिया।