रात्रि में थानों में कांड दैनिकी लेखन का विशेष सत्र, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद के निर्देशानुसार रविवार की रात्रि जिले के सभी थाना परिसरों में थानाध्यक्षों की देखरेख में अनुसंधानकर्ताओं के साथ कांड दैनिकी लेखन का विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा करते हुए केस डायरी लेखन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन तथा कांड दैनिकी लेखन के दौरान अनुसंधानकर्ताओं के समक्ष आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान सुनिश्चित करना था। अधिकारियों ने अनुसंधानकर्ताओं को कांडों के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अध्ययन करते हुए साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
इस दौरान लंबित मामलों में तेजी लाने, केस डायरी को अद्यतन रखने तथा अनुसंधान की प्रक्रिया में आवश्यक कानूनी एवं प्रक्रियात्मक मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बेहतर अनुसंधान से मामलों के त्वरित निष्पादन के साथ न्यायिक प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।