अंतिम सोमवार को बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
जहानाबाद। श्रावण माह के चतुर्थ एवं अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलाभिषेक सुनिश्चित कराने को लेकर देर रात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद ने बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर मेला परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधा समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने तथा भीड़ को नियंत्रित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेला परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।