प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा।
...................................................
राजगीर में राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 320 बालिका खिलाड़ी दिखाएंगी अपनी खेल प्रतिभा
राजगीर, नालंदा | 03 नवंबर 2026 : राज्य खेल परिसर, राजगीर में मंगलवार को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल एथलेटिक्स प्रतियोगिता (बालिका अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19) 2026-27 का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के कुलपति श्री शिशिर कुमार सिन्हा, जिला पदाधिकारी, नालंदा श्रीमती उदिता सिंह, उप विकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ, जिला खेल पदाधिकारी श्री रवि रंजन, राज्य खेल परिषद, राजगीर के उपनिदेशक श्री मिथिलेश कुमार तथा अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर श्री सूर्य प्रकाश गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
यह प्रतियोगिता बिहार सरकार के खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में 03 से 05 नवंबर 2026 तक राज्य खेल परिसर, राजगीर में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों के साथ एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र की कुल 320 बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा, कौशल एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस तरह की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, बेहतर प्रदर्शन करने तथा उच्च स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में श्री रेंसी राकेश राज, जिला खेल कार्यालय के लिपिक श्री मुन्ना कुमार एवं श्री सौरभ कुमार सहित शारीरिक शिक्षक श्री बिपिन कुमार, श्री सूरज कुमार, श्री नवीन कुमार, श्रीमती विभा कुमारी, श्रीमती पूनम कुमारी, श्रीमती कविता कुमारी तथा अन्य शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।
इस प्रतियोगिता के आयोजन से बालिका खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, राज्य में महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Press Information Bureau - PIB, Government of India
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Sports, Government of Bihar
Sports of Bihar
rajgir sports complex
Nalanda, Bihar | Nov 3, 2026