प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा
दिनांक : 03 नवंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा।
पावापुरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
• 7 एवं 8 नवंबर को आयोजित होगा पावापुरी महोत्सव, दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन धर्मावलंबियों की रहेगी सहभागिता
राजगीर (नालंदा)।पावापुरी महोत्सव 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज राजगीर स्थित आरआईसीसी (अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर) के सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं स्थानीय स्तर के पदाधिकारियों के साथ महोत्सव आयोजन से जुड़े सदस्य, जैन संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में आगामी 7 एवं 8 नवंबर को आयोजित होने वाले पावापुरी महोत्सव की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान महोत्सव स्थल का भ्रमण कर आयोजन स्थल के समतलीकरण, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने का निर्देश नगर पंचायत पावापुरी को दिया गया। आयोजन स्थल पर पानी का जमाव नहीं रहे तथा परिसर पूरी तरह व्यवस्थित और स्वच्छ रहे, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
महोत्सव में दिगम्बर एवं श्वेताम्बर दोनों जैन संप्रदायों के श्रद्धालुओं की सहभागिता रहती है। 7 नवंबर को महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर राज्यपाल के आगमन की भी संभावित सहमति प्राप्त हुई है। वहीं, 7 नवंबर की सुबह दिगम्बर जैन धर्मावलंबियों द्वारा लगभग डेढ़ किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। 8 नवंबर को भी जुलूस एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसके अतिरिक्त 8 एवं 9 नवंबर को श्वेताम्बर जैन धर्मावलंबियों के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। इन सभी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में महोत्सव स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पावापुरी मोड़ से जल मंदिर तक के मार्ग पर विशेष रूप से साफ-सफाई, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को अविलंब ठीक कराने तथा पूरे क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने महोत्सव की विभिन्न समितियों की बैठक आयोजित कर संबंधित सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। उद्घाटन समिति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति में जैन संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी शामिल करने को कहा गया। साथ ही दिगम्बर एवं श्वेताम्बर दोनों संप्रदायों से प्रतिनिधियों को समितियों में उचित स्थान देने पर बल दिया गया, ताकि दोनों पक्षों के सुझाव एवं विचार आयोजन की तैयारियों में शामिल हो सकें।
महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके लिए नालंदा के अतिरिक्त नवादा, गया, भागलपुर, कटिहार सहित उन जिलों में भी प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया, जहां जैन धर्मावलंबियों की अच्छी संख्या है। महोत्सव से संबंधित निमंत्रण विभिन्न संस्थाओं एवं संबंधित लोगों तक समय से पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
श्रद्धालुओं एवं बाहर से आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, पानी के टैंकर, पर्याप्त शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
साथ ही महोत्सव के दौरान सड़कों पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए अतिक्रमण पर रोक लगाने तथा फुटपाथी दुकानदारों के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने का निर्देश दिया गया। दुकानों के कारण यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए दुकानदारों से समन्वय स्थापित कर उन्हें निर्धारित स्थल पर दुकान लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए टोटो एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन के किराये को निर्धारित कर उसका रेट चार्ट प्रदर्शित कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि बाहर से आने वाले लोगों से मनमाना किराया नहीं लिया जाए और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने कहा कि किसी भी पर्यटन एवं धार्मिक आयोजन में बाहर से आने वाले लोगों के मन में बनने वाला पहला प्रभाव बहुत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए पावापुरी महोत्सव के दौरान साफ-सफाई, सुचारू यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक परिवहन के लिए निर्धारित किराया सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Press Information Bureau - PIB, Government of India
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
नालन्दा पुलिस
Nalanda, Bihar | Nov 3, 2026