प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा
दिनांक : 03 नवंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा।
राजगीर महोत्सव एवं बड़गांव छठ घाट की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
• महोत्सव स्थल पर पंडाल, स्टॉल, पार्किंग, प्रवेश-निकास एवं भीड़ प्रबंधन की कार्ययोजना बनाने का निर्देश;
• बड़गांव छठ घाट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा
राजगीर (नालंदा)। राजगीर महोत्सव 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन तथा आगामी छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत एवं जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ राजगीर महोत्सव आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन स्थल पर होने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राजगीर महोत्सव के आयोजन स्थल पर मुख्य पंडाल, विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के स्टॉल, अन्य पंडाल तथा दर्शकों के आवागमन की व्यवस्था को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी स्टॉल एवं पंडाल निर्धारित स्थानों पर सुव्यवस्थित तरीके से लगाए जाएं। इसके लिए पहले से स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि महोत्सव के दौरान भीड़ का दबाव किसी एक स्थान पर नहीं पड़े और लोगों का आवागमन सुचारू बना रहे। आयोजन स्थल पर जहां भी भूमि असमतल है, वहां समुचित समतलीकरण कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्थल के चयन, प्रवेश एवं निकास द्वारों के निर्धारण, महिला, पुरुष एवं बच्चों के लिए सुविधाजनक आवागमन तथा भीड़ नियंत्रण की रणनीति पर विशेष चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए विस्तृत ट्रैफिक एवं क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर आयोजन स्थल के आसपास निर्धारित क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन घोषित कर केवल पैदल आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इस कार्य में ट्रैफिक डीएसपी सहित संबंधित वरीय पदाधिकारियों की विशेषज्ञता का उपयोग करने तथा जरूरत पड़ने पर टाउन प्लानर की भी सहायता लेने का निर्देश दिया गया।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने बड़गांव स्थित प्रसिद्ध छठ घाट का भी स्थलीय निरीक्षण किया। यहां प्रत्येक वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। जिलाधिकारी ने सूर्य मंदिर में दर्शन करने के साथ ही छठ घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाट तक पहुंचने वाले रास्तों, भूमि के समतलीकरण, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, माइकिंग, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए डबल लेयर बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूरा करने को कहा गया। जहां बिजली के तार अव्यवस्थित अथवा लटके हुए हैं, उन्हें व्यवस्थित एवं सुरक्षित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के ठहराव एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए लगाए जाने वाले टेंट की प्रकृति एवं व्यवस्था की भी जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों, मंदिर के पुजारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों से बातचीत कर उनके सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि छठ पर्व के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं किस प्रकार उपलब्ध कराई जा सकती हैं। संबंधित नगर निकाय के पदाधिकारियों को साफ-सफाई, शौचालय, प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजगीर महोत्सव एवं छठ पर्व जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में आम लोगों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ स्थलीय आवश्यकताओं के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें तथा समय से सभी तैयारियां पूरी करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिले के विभिन्न वरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आयोजन समिति से जुड़े सदस्य उपस्थित थे।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Press Information Bureau - PIB, Government of India
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Police
नालन्दा पुलिस
Nalanda, Bihar | Nov 3, 2026