दीपावली और छठ पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक, घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश
लखीसराय। गगन दीप की रिपोर्ट: दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता डीएम शैलेंद्र कुमार एवं एसपी प्रेरणा कुमार ने की। इस दौरान पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
डीएम ने सभी छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत कराने के साथ घाटों पर पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और अग्निशमन दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर लाल झंडे लगाने तथा घाटों पर माइकिंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
रेलवे क्रॉसिंग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को संयुक्त रूप से घाटों का निरीक्षण करने और खतरनाक घाटों को चिह्नित करने को कहा गया। डीएम ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा पूजा आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। पूजा पंडालों और घाटों पर अग्निशमन की व्यवस्था अनिवार्य होगी। नदी एवं तालाब घाटों पर पटाखों की बिक्री पर रोक रहेगी। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सक्षम प्राधिकार से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। अश्लील गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में एसडीपीओ शिवम कुमार ने निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन शाम पांच बजे के बाद नहीं किया जाएगा। सभी प्रतिमाओं के लिए नियमानुसार लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। वहीं, एसपी प्रेरणा कुमार ने सभी छठ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और निर्धारित समय पर पुलिस पदाधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की गई।
मौके पर एसडीएम प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
#khabarlalhisarai