जलस्तर बढ़ने से कई पुलों पर बैरिकेडिंग, शहर की यातायात व्यवस्था चरमराई
जहानाबाद। दरधा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण शहर के कई पुलों पर बैरिकेडिंग किए जाने से गुरुवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दिनभर शहर की प्रमुख सड़कों पर रुक-रुककर जाम लगता रहा। इससे राहगीरों, वाहन चालकों के साथ स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दरधा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण थाना रोड पुल, साईं मंदिर को जोड़ने वाले पुल, जाफरगंज पुल और संगम घाट पुल पर आवागमन को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। इन मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रभावित होने के बाद दूसरे रास्तों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। इसके चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगती रही।
सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों में जाम की स्थिति बनी रही। दोपहर बाद यातायात का दबाव और बढ़ गया। जाम में स्कूली वाहन, बाइक, ऑटो समेत छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग गया। कई जगह वाहनों के आमने-सामने आ जाने से स्थिति और गंभीर हो गई।
जाम हटाने में जुटी रही यातायात पुलिस
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस के जवान दिनभर प्रमुख चौक-चौराहों और जाम वाले स्थानों पर तैनात रहे। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को आगे बढ़ाने और सड़क पर फंसे वाहनों को व्यवस्थित कराने में जुटे रहे। बावजूद इसके, कई मार्गों पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण रुक-रुककर जाम लगता रहा। यातायात पुलिस को जाम हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पुलों पर आवागमन सीमित करना जरूरी है, लेकिन इसके साथ वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जाना चाहिए। लोगों ने प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की तैनाती कर वाहनों के सुचारू परिचालन की मांग की है।