जहानाबाद के प्रथम डीएम हेमचन्द्र सिरोही को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
जहानाबाद : जिले के प्रथम जिला पदाधिकारी स्वर्गीय हेमचन्द्र सिरोही के निधन पर बुधवार को समाहरणालय में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
स्वर्गीय हेमचन्द्र सिरोही भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1979 बैच के वरिष्ठ अधिकारी थे। उन्होंने एक अगस्त 1986 से छह नवंबर 1988 तक जहानाबाद के प्रथम जिला पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। जिले के गठन के शुरुआती दौर में प्रशासनिक व्यवस्था की नींव रखने और उसे सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला प्रशासन ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि जहानाबाद की प्रशासनिक व्यवस्था को आकार देने और संस्थागत ढांचे को मजबूत बनाने में स्वर्गीय सिरोही का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण जिले के इतिहास में हमेशा आदर के साथ याद किया जाएगा।
शोक सभा में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष, अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह, अपर समाहर्ता तेज नारायण राय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आज सभा कक्ष में दे सकेंगे श्रद्धांजलि
जिला प्रशासन की ओर से 22 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में श्रद्धांजलि देने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान ड्यूटी के कारण बुधवार को उपस्थित नहीं हो सके अधिकारी-कर्मचारी और इच्छुक जिलावासी दिवंगत अधिकारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सकेंगे। साथ ही, शोक संदेश भी दे सकेंगे, जिन्हें जिला प्रशासन की ओर से उनके परिजनों तक पहुंचाया जाएगा।
जिला पदाधिकारी सहित समस्त जिला प्रशासन ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।