काको के दक्षिणी विसर्जन स्थल का डीएम ने लिया जायजा, सुरक्षा और रोशनी के पुख्ता इंतजाम का निर्देश
जहानाबाद : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने काको के दक्षिणी स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।
डीएम ने नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी के माध्यम से विसर्जन स्थल और आसपास के क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। विसर्जन स्थल के साथ पहुंच मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर जोर दिया। जल क्षेत्र में सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती, सुरक्षा जाल और जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रखने को कहा।
उन्होंने निर्धारित यातायात योजना के अनुसार विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने का निर्देश दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, सुरक्षित प्रवेश और निकास की व्यवस्था तथा स्वयंसेवकों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा।
चिकित्सा दल और एंबुलेंस की रहेगी व्यवस्था
आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा दल, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से जरूरी सूचनाओं के प्रसारण की व्यवस्था रखने को कहा गया।
डीएम ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में पूजा समितियों और आम लोगों के सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही, प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग, समय-सारणी और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि विसर्जन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।