जिलाधिकारी और एसपी ने देर रात संभाली सुरक्षा की कमान, प्रतिमा विसर्जन जुलूस का लिया जायजा
जहानाबाद : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बुधवार की रात जिलाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने स्वयं विसर्जन जुलूस का निरीक्षण किया। 21 और 22 अक्टूबर की मध्यरात्रि अधिकारियों ने विभिन्न विसर्जन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर भी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से विसर्जन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी गई। संवेदनशील स्थलों, विसर्जन मार्गों और घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने सतर्कता बरतते हुए विसर्जन को सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन की सक्रियता से विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।