छठ घाटों का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
लखीसराय। गगन दीप की रिपोर्ट :छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने रामगढ़ चौक प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नोनगढ़, शरमा और बिहरौरा सहित कई घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर रोशनी, कंट्रोल रूम, मजबूत बैरिकेडिंग और आवागमन के रास्तों को दुरुस्त करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।