छठ पर्व को लेकर DTO और MVI ने चलाया रोको-टोको अभियान, एक ऑटो व दो टोटो जब्त
लखीसराय। छठ महापर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) एवं मोटरयान निरीक्षक (MVI) ने रोको-टोको अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन परिचालन, नो-एंट्री में ट्रैक्टर प्रवेश तथा ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वालों की जांच की गई। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया।
वहीं, कार्रवाई के दौरान एक ऑटो और दो ई-रिक्शा (टोटो) को जब्त किया गया। परिवहन विभाग ने बताया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान जारी रहेगा।