प्रोजेक्ट अलंकार को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक, 57 विद्यालयों से प्रस्ताव जल्द देने के निर्देश
हरदोई, 31 अगस्त। स्वामी विवेकानंद सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट अलंकार को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रोजेक्ट अलंकार योजना का उद्देश्य सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में जरूरी अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने विद्यालयों से योजना का लाभ उठाकर शैक्षिक स्तर को बेहतर बनाने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालय समयबद्ध तरीके से अपने प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें। कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद कुमार पाठक ने योजना के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद के 72 सहायता प्राप्त विद्यालयों में से 6 विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत कार्य शुरू हो चुका है। 7 विद्यालयों के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, जबकि 2 विद्यालयों के प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया चल रही है। शेष 57 सहायता प्राप्त विद्यालयों को जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने योजना से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक ने समाधान किया। इस दौरान संबंधित अधिकारी तथा सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Aug 31, 2026