सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल और गीता भेंट कर किया सम्मानित
हरदोई, 31 अगस्त। क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने सोमवार को जनपद में सेवानिवृत्त हुए चार पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर उनकी निःस्वार्थ सेवा एवं मेहनत के लिए हरदोई पुलिस की ओर से आभार व्यक्त किया गया।
सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस रामशरण, रेडियो उपनिरीक्षक विजय कुमार तिवारी, फायरमैन विमलेश सिंह और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी चन्द्रिका प्रसाद शामिल रहे।
क्षेत्राधिकारी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सभी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के पारिवारिक सदस्य भी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Aug 31, 2026