मेहसौल आरओबी के निर्माण कार्यों में तेजी लाने का डीएम ने दिया निर्देश
सोनबरसा एवं पुपरी लेन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा, रेलवे के अधिकारियों को भी दिए आवश्यक निर्देश
सीतामढ़ी। जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में मेहसौल रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड एवं रेलवे के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मेहसौल आरओबी के अंतर्गत सोनबरसा लेन एवं पुपरी लेन में चल रहे निर्माण कार्यों की अलग-अलग समीक्षा की। उन्होंने दोनों लेन में अब तक हुई प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को दिया।
जिलाधिकारी ने कार्यकारी एजेंसी को पर्याप्त मैनपावर एवं निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यस्थल पर आवश्यक संसाधनों का प्रभावी मोबिलाइजेशन करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
रेलवे से संबंधित कार्यों की भी जिलाधिकारी ने समीक्षा की। इस क्रम में रेलवे के पदाधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों एवं शेष कार्यों की जानकारी ली गई तथा रेलवे से संबंधित निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मेहसौल आरओबी शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Sitamarhi, Bihar | Nov 25, 2026