राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सीतामढ़ी का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
प्रशिक्षण व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं अप्रेंटिसशिप-रोजगार की संभावनाओं का लिया जायजा
सीतामढ़ी। जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (Govt. ITI), सीतामढ़ी का भ्रमण कर संस्थान में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों एवं उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में संचालित विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षण की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों एवं प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को दिए जा रहे व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अप्रेंटिसशिप एवं प्लेसमेंट की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण के उपरांत उद्योगों में अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संबंधित स्तर पर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः संस्थान में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने संस्थान के समग्र विकास एवं प्रशिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक पहल करने पर बल दिया।