प्रेस विज्ञप्ति
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सीतामढ़ी में छात्र सहयोग शिविर आयोजित
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं से किया सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
सीतामढ़ी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सीतामढ़ी में आयोजित छात्र सहयोग शिविर (Student Sahyog Shivir) में जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली।
शिविर में प्रशिक्षुओं ने छात्रावास की व्यवस्था, कैंटीन सुविधा, संस्थान की चहारदीवारी का निर्माण, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा खेल मैदान के विकास सहित विभिन्न आधारभूत समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रशासनिक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी संस्थानों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ-साथ अपने कौशल का समुचित विकास करने में मदद मिलती है।
उन्होंने संबंधित समस्याओं के निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रशिक्षुओं के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया।
छात्र सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशिक्षुओं को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला। इस पहल से प्रशिक्षुओं में अपनी समस्याओं के समाधान के प्रति विश्वास एवं सकारात्मकता का संचार हुआ।