स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज योजना के कार्यों की डीएम ने की विस्तृत समीक्षा
योजना के सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश
सीतामढ़ी। जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभाग एवं कार्यकारी एजेंसी के पदाधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने योजना के अंतर्गत अब तक पूर्ण किए गए कार्यों, निर्माणाधीन कार्यों एवं शेष कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संपूर्ण योजना की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को शेष कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित टाइमलाइन के अनुरूप कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज योजना शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। योजना के पूर्ण होने से शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजना के सभी कार्यों का नियमित अनुश्रवण करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।