ब्यूटी पार्लर व्यवसाय से आत्मनिर्भर बनीं ग्रामीण महिलाएं, RSETI प्रशिक्षण ने दिखाया रोजगार का रास्ता
हरदोई, 14 सितंबर 2026। बैंक ऑफ इंडिया-ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), हरदोई द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न व्यवसायिक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर कई महिलाओं ने अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बनाते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में सफल कदम बढ़ाया है।
इसी क्रम में महिलाओं को सौंदर्य एवं व्यक्तिगत देखभाल से संबंधित कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। RSETI हरदोई से Junior Beauty Practitioner का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ब्यूटी पार्लर एवं सौंदर्य सेवाओं का कार्य शुरू किया और इसे अपनी आजीविका का साधन बनाया।
प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार स्थापित करने वाली महिलाओं में बावन रोड तत्योरा, हरदोई निवासी श्रीमती प्रीती सिंह पत्नी कमल सिंह, आजाद नगर माधौगंज निवासी श्रुति गुप्ता पत्नी पवन कुमार गुप्ता, टोड़िया बरहस माधौगंज निवासी नीशू चौरसिया पुत्री राजेश कुमार तथा ठेहापुर शाहाबाद निवासी पूजा देवी पुत्री छोटे भइया शामिल हैं।
इन महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे हुनर का उपयोग करते हुए अपना व्यवसाय शुरू किया और उसे सफलतापूर्वक स्थापित किया। वर्तमान में वे अपने व्यवसाय से नियमित आय अर्जित कर रही हैं और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर रही हैं।
इन महिलाओं की सफलता यह दर्शाती है कि उचित प्रशिक्षण, आत्मविश्वास और मेहनत के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। RSETI हरदोई से प्राप्त प्रशिक्षण ने इन महिलाओं को अपने हुनर को रोजगार में बदलने का अवसर दिया है। उनकी सफलता अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
Bilgram, Hardoi | Sep 14, 2026