बस बेकाबू होकर पेड़ से टकराई, युवक गंभीर घायल; एंबुलेंस में देरी पर पुलिस ने वाहन से पहुंचाया अस्पताल
हरदोई। पिहानी थानाक्षेत्र के हरैया गांव के पास सोमवार को बुकिंग से लौट रही एक बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि बस में सवार आफताब पुत्र अल्ताफ हुसैन, निवासी बस्ती कोटकला गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घायल आफताब की हालत गंभीर देखते हुए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने में देरी होने पर पुलिस ने तत्काल मदद के लिए मोर्चा संभाला।
पुलिस वाहन से घायल आफताब को सीएचसी पिहानी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के दौरान पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की। ग्रामीणों ने पिहानी कोतवाल श्याम नारायण सिंह, एसआई श्याम बाबू सहित पुलिस बल की तत्परता की प्रशंसा की।
Bilgram, Hardoi | Sep 15, 2026