*103 वर्ष पुराने ऐतिहासिक मौनिया बाबा मेला का भव्य शुभारंभ*
मौनिया बाबा राजकीय महोत्सव 2026 का शुभारंभ माननीय सांसद महाराजगंज,श्री जनार्दन सिंह सिग्रिवाल के कर कमलो द्वारा किया गया, इस पावन अवसर पर माननीय विधायक महाराजगंज,श्री हेमनारायण साह, जिला पदाधिकारी सीवान श्री विजय प्रकाश मीणा , पुलिस अधीक्षक सिवान श्री भारत सोनी सहित अन्य कई गणमान्य लोग तथा अधिकारी भी मौजूद रहे।
सिवान,10 सितंबर 2026 गुरुवार।
सिवान जिले के महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय का मौनिया बाबा मेला सांस्कृतिक जुटान का अनुपम स्थान सन् 1923 से रहा है। यह मेला प्रति वर्ष भादों महीने की अमावस्या को लगता है। यहां दूर दराज से लाखों लोग मेले का आनंद उठाने आते रहे हैं।
यह मेला उत्तर बिहार का एक प्रसिद्ध मेला रहा है। मौनिया बाबा मेला 2025 से राजकीय महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
गुरुवार को मौनिया बाबा मेला सह राजकीय महोत्सव 2026 का शुभारंभ महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, महाराजगंज विधायक हेमनारायण साह जिला पदाधिकारी सिवान और पुलिस अधीक्षक सिवान, डीडीसी सिवान, एसडीएम महाराजगंज तथा अन्य गणमान्यजनों की उपस्थिति में किया गया। सबसे पहले मौनिया बाबा के समाधि स्थल पर उनका पूजा अर्चना किया गया।
माननीय सांसद महाराजगंज श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बताया कि 2025 में राजकीय मेले का दर्जा देने से इस पारंपरिक मेले की गरिमा में और भी इजाफा हुआ है।
इस अवसर पर लगने वाला भव्य मेला आज सिवान की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा का आधार बन चुका है।
मौनिया बाबा मेले में तकरीबन 23 महावीरी अखाड़े भाग लेते हैं। जिला पदाधिकारी सिवान एवं पुलिस अधीक्षक सिवान ने शांति समिति के सदस्य गणों से मौनिया बाबा मेला के अवसर पर निकाले जाने वाले अखाड़े में विधि-व्यवस्था कायम रखने हेतु सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अखाड़ा निकाले जाने के संबंध में सरकार के द्वारा निर्धारित नियमों का सबों से पालन करने की अपेक्षा की जाती है।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि राजकीय मेले के दर्जे को प्राप्त होने के बाद मौनिया बाबा मेला पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं का मजबूत आधार भी उत्पन्न कर रहा है। मेले की बुनियादी संरचना को सुव्यवस्थित और सुनियोजित तरीके से बनाने के लिए सिवान जिला प्रशासन गंभीर और सार्थक प्रयास कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताया कि आने वाले दिनों में मौनिया बाबा मेला सिवान का प्रखर सांस्कृतिक पहचान बन जाएगा।
मौनिया बाबा राजकीय मेला 2026 के शुभारंभ के अवसर पर स्थानीय कलाकारो, स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। स्कूलों के बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।
मौनिया बाबा मेला के अवसर पर निकाले जाने वाले अखाड़े अपने दर्शनीय प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लेते हैं। मेले में लकड़ी और लोहे की विशिष्ट वस्तुएं भी मिलती हैं। यहां आलमारी , संदूक, ओखल,मूसल की बड़े पैमाने पर खरीद बिक्री होती है ।
मौनिया बाबा मेले में आस्था का जन सैलाब उमड़ता रहा है। यह मेला सिवान की सांस्कृतिक जीवंतता का प्रतीक भी रहा है । मेले में आने वाले श्रद्धालु लाखों की संख्या में आते हैं जो अपनी आस्था और विश्वास के साथ सिवान के सांस्कृतिक प्रतिष्ठा में निखार भी लाते हैं।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,
सिवान।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#siwan
16 views | Siwan, Bihar | Sep 10, 2026