अवैध शराब के बड़े कंसाइनमेंट पर नजर, डीएम ने तेज कार्रवाई के दिए निर्देश
जहानाबाद : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में शनिवार को मद्य निषेध को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चल रही कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीएम ने उत्पाद विभाग की कार्रवाई को और प्रभावी बनाने तथा बड़े कंसाइनमेंट को पकड़ने के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने का निर्देश दिया।
बैठक में अवैध शराब के खिलाफ हुई छापेमारी, दर्ज मामलों, गिरफ्तारियों, देसी-विदेशी शराब की जब्ती, वाहनों की जब्ती और आरोप पत्र समर्पित किए जाने की स्थिति की समीक्षा की गई। जब्त शराब के विनष्टीकरण, जब्त वाहनों के अधिहरण और अधिहृत वाहनों की नीलामी से जुड़े लंबित मामलों का भी जायजा लिया गया। डीएम ने सभी लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने उत्पाद अधीक्षक को बड़े कंसाइनमेंट की सूचना जुटाने के लिए मजबूत रणनीति तैयार कर सघन छापेमारी चलाने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध शराब के धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करने को कहा।