सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
जहानाबाद : 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव, बिहार ने शुक्रवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में जहानाबाद की जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार और उप विकास आयुक्त भी वीसी में उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का नोडल एवं सहयोगी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अभियान में शिक्षा, समाज कल्याण, सूचना एवं जनसंपर्क, कला एवं संस्कृति, पंचायती राज, नगर विकास, उद्योग समेत अन्य विभागों की सहभागिता रहेगी।
अभियान के दौरान सेवा दिवस, जनसेवा एवं सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम, ‘कहानी बदलाव की’, सेवा ज्योति यात्रा, जनभागीदारी एवं जागरूकता गतिविधियां, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ तथा ‘25 साल, 25 कहानियां’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वीसी के बाद जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को अभियान की गतिविधियों के अनुरूप विभागवार तैयारी पूरी करने और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।