किंजर कुर्था मोड़ पर जलजमाव बना परेशानी का सबब, समाधान को लेकर जिम्मेदारों के दावे अलग-अलग
किंजर-कुर्था मोड़ स्थित राष्ट्रीय मार्ग-33 पर जलजमाव की समस्या एक बार फिर गंभीर हो गई है। पिछले करीब पांच-छह दिनों से सड़क पर पानी जमा रहने के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक दशक से बरसात के मौसम में यहां जलजमाव की स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
बारिश के बाद सड़क के आसपास पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर चुके हैं। वहीं, सड़क के दक्षिणी हिस्से में जेसीबी से मिट्टी की कटाई किए जाने के बाद बने गड्ढे में पानी और कीचड़ भर गया है। अनजान वाहन चालक उस ओर चले जाने पर फंस जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में प्रशासन की ओर से मशीन लगाकर जमा पानी हटाया गया था, लेकिन बारिश होते ही स्थिति दोबारा जस की तस हो जाती है। उनका कहना है कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समस्या की जानकारी होने के बावजूद स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई है।
समस्या को लेकर स्थानीय विधायक पप्पू वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय मार्ग के कार्यपालक अभियंता उनकी बात नहीं सुन रहे हैं। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी का कहना है कि जलजमाव की समस्या के समाधान को लेकर काम चल रहा है। दोनों के अलग-अलग दावों के बीच स्थानीय लोगों में असमंजस की स्थिति है।
दुकानदारों का कहना है कि पर्व-त्योहार का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराकर समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।