
जालौन में न्यायिक अधिकारियों का औचक निरीक्षण, वृद्धाश्रम और शेल्टर होम की व्यवस्थाएं परखी
वृद्धाश्रम में 122 संवासी मिले, लहारिया पुरवा के शेल्टर होम में टूटी खिड़कियां और नाली मिली, वन स्टाप सेंटर को सफाई व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
जितेंद्र गुप्ता ✍️। बोल दो भारत
उरई (जालौन), 15 सितम्बर 2026। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार मंगलवार को न्यायिक अधिकारियों की अनुश्रवण समिति ने जिले में संचालित राठ रोड स्थित वृद्धाश्रम और मुहल्ला लहरियापुरवा स्थित आश्रय-गृह का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यहां रह रहे लोगों के रहन-सहन, खानपान, चिकित्सा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा सहित बुनियादी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वैच्छिक संस्था शिवा ग्रामोत्थान सेवा संस्था, कानपुर के सहयोग से संचालित राठ रोड स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया गया। यहां 122 संवासी उपस्थित मिले। आश्रय गृह के हॉल में कई वृद्धजन श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करते मिले। उपस्थित पंजिका के अनुसार रात्रिकालीन कर्मचारी और स्टाफ नर्स श्रीमती अर्चना को छोड़कर अन्य सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। पूछताछ में प्रबंधक ने बताया कि स्टाफ नर्स संवासियों के इलाज के लिए जिला अस्पताल गई हुई हैं।
न्यायिक अधिकारियों ने वृद्धाश्रम के संवासियों से चाय-नाश्ता और सुबह-शाम भोजन समय से मिलने की जानकारी ली। संवासियों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन मिल रहा है। इसके बाद मेडिकल डिस्पेंसरी का निरीक्षण कर प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई। इस दौरान किसी भी संवासी ने कोई समस्या नहीं बताई।
इसके बाद मुहल्ला लहरियापुरवा में नगर पालिका परिषद उरई के सहयोग से लखनऊ के एनजीओ द्वारा संचालित आश्रय गृह का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय प्रबंधक मौजूद नहीं मिलीं। चौकीदार ने बताया कि वह अपनी बेटी के इलाज के लिए अस्पताल गई हैं। आश्रित पंजिका की जांच में निरीक्षण की तिथि पर कोई भी आश्रित पंजीकृत नहीं मिला। कमरों के निरीक्षण के दौरान कई खिड़कियां टूटी मिलीं, जिससे जहरीले कीटों के अंदर प्रवेश करने की आशंका जताई गई। वहीं शेल्टर होम के अंदर बनी नाली भी टूटी मिली। संबंधित अधिकारियों से आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण करने वाली अनुश्रवण समिति में अपर जिला जज प्रथम श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अभिषेक खरे और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती मनाली चन्द्रा शामिल रहीं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक श्री शुभम् शुक्ला भी उपस्थित रहे।
इसके बाद माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा जनपद न्यायाधीश जालौन के निर्देशों के अनुपालन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती मनाली चन्द्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित सखी वन स्टाप सेंटर का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सेंटर मैनेजर श्रीमती अंजना यादव, मनो-परामर्शदाता श्रीमती रागिनी, स्टाफ नर्स श्रीमती शारदा पाल सहित ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारी उपस्थित मिले।
सखी वन स्टाप सेंटर में महिलाओं और किशोरी बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए अभिमुखीकरण, परामर्श, विधिक सहायता, चिकित्सा सुविधा, पुलिस रिपोर्टिंग और रेस्क्यू सुविधा सहित विभिन्न सेवाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान सेंटर पर कोई पीड़िता मौजूद नहीं मिली। एक पीड़िता को अदालत में पेशी के लिए विवेचक के साथ भेजे जाने की जानकारी दी गई। पीड़िताओं की सुरक्षा और पुनर्स्थापन को लेकर प्रबंधक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सचिव ने वन स्टाप सेंटर प्रशासन को सभी कमरों की प्रतिदिन सफाई कराने के साथ ही सैनिटाइजेशन, कीटनाशक का छिड़काव और फॉगिंग कराने के भी निर्देश दिए।
#Jalaun #Orai #JalaunNews #OraiNews #JudicialInspection #ShelterHome #OldAgeHome #OneStopCentre #WomenSafety #LegalServices #DistrictLegalServicesAuthority #UttarPradesh #UPNews #LocalNews #BreakingNews #BolDoBharat #JitendraGupta
Orai, Jalaun | Sep 15, 2026