
उफनती गम्भीरी नदी में 16 वर्षीय छात्रा ने लगाई छलांग, आशंका के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हरपालपुर, हरदोई। क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 10 की 16 वर्षीय छात्रा ने भदार पुल से उफनती गम्भीरी नदी में छलांग लगा दी। छात्रा के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस, परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से नदी में छात्रा की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बताया जा रहा है कि भदार गांव निवासी अमर सिंह की पुत्री रीतिका देवी कक्षा 10 की छात्रा है। मंगलवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान वह भदार पुल पर पहुंची। बताया गया कि उसने अपना स्कूल बैग पुल पर रखा और अचानक गम्भीरी नदी में छलांग लगा दी।
पुल पर छात्रा का स्कूल बैग लावारिस हालत में पड़ा देखकर राहगीरों और ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से उफनती गम्भीरी नदी में छात्रा की तलाश शुरू की गई।
नदी में तेज बहाव के चलते रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खबर लिखे जाने तक छात्रा का कोई पता नहीं चल सका था और नदी में तलाश जारी थी। पुलिस छात्रा के नदी में छलांग लगाने के कारणों की भी जानकारी जुटा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
#हरदोई #हरपालपुर #भदार #गम्भीरी_नदी #छात्रा #रेस्क्यू_ऑपरेशन #बड़ी_खबर #ब्रेकिंग_न्यूज
Bilgram, Hardoi | Sep 15, 2026