
मोबाइल छिनैती की दो घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 5 अदद मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने मोबाइल छिनैती की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती के पांच मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी एवं विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) की वृद्धि की गई है।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर 2026 को आवास विकास कॉलोनी निवासी अंजलि चौहान पुत्री संतोष कुमार सिंह सुबह करीब 10:40 बजे अपने घर से आजाद नगर ट्यूशन पढ़ने जा रही थीं। कपनी गार्डन के गेट के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। मामले में कोतवाली शहर में मु0अ0सं0 647/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी तरह 8 सितंबर 2026 को वादी धनंजय कुमार पुत्र कैलाश प्रसाद निवासी लक्ष्मी पुरवा, थाना कोतवाली शहर की पुत्री करीब 3:30 बजे घर से बिलग्राम चुंगी की तरफ समोसे लेने जा रही थी। डिवाइन हॉस्पिटल के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया। इस घटना के संबंध में कोतवाली शहर में मु0अ0सं0 648/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटनाओं के शीघ्र सफल अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। कोतवाली शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकाश में आए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रीशू पुत्र रामचंद्र, ललित पुत्र परशुराम और रामकिशोर पुत्र रामावतार, सभी निवासी माधौगंज-अमेठकननगर, थाना कोतवाली शहर, जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अदद मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक अदद मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त ललित का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 156/18, धारा 323/452/504/507 भा.दं.सं. थाना माधौगंज, जनपद हरदोई में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी, उपनिरीक्षक केके यादव, विनीत चौधरी, कांस्टेबल अभिषेक त्यागी, विनय कुमार, अभिषेक शर्मा, विकास बाबू और श्रीनिवास शामिल रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 13, 2026