
बंदर से टकराकर बाइक सवार नहर में गिरा, लापता; मौके पर पुलिस और एंबुलेंस, गोताखोरों का इंतजार
हरदोई। मल्लावां-संडीला मार्ग पर गोसवा नहर पुल के पास सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक सवार की अचानक सड़क पर आए बंदर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में बंदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार नहर में गिरने के बाद लापता बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस भी घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से नहर में बाइक सवार की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। नहर में पानी अधिक होने के कारण तलाश में दिक्कत आ रही है।
पुलिस द्वारा गोताखोरों को बुलाया गया है और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद नहर में सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक सवार पास के गांव तेंदुआ का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि, अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना की जांच के साथ बाइक सवार की तलाश में जुटी है।
Bilgram, Hardoi | Sep 14, 2026