
10 लाख की सुपारी देकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, किऊल नदी से सड़ा-गला शव बरामद
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका, दो आरोपियों की गिरफ्तारी की चर्चा; एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
लखीसराय। नालंदा के 60 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर बीरेंद्र लाल की 10 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उनका सड़ा-गला शव लखीसराय जिले के चानन थाना क्षेत्र स्थित किऊल नदी से बरामद किया गया। मृतक की पहचान नालंदा जिले के छबीला पुरा थाना क्षेत्र निवासी बीरेंद्र लाल के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश और सुपारी किलिंग की आशंका जताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की बात भी सामने आई है।
पुलिस जांच में बाढ़ निवासी प्रॉपर्टी डीलर दीपू प्रसाद, पिता मन्नू प्रसाद का नाम प्रमुखता से सामने आया है। आरोप है कि दीपू प्रसाद ने बीरेंद्र लाल की हत्या कराने के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस की आधिकारिक जांच और पुष्टि का इंतजार है।
शव बरामद होने की सूचना पर लखीसराय एफएसएल प्रभारी ब्रजेश कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण उसकी पहचान और हत्या से जुड़े साक्ष्यों को लेकर जांच की गई।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश, सुपारी की रकम और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और सुपारी किलिंग से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।