
बरौलिया पुल पर जुटी भीड़, गर्रा नदी में घड़ियाल दिखने से मचा हड़कंप
हरदोई। सांडी क्षेत्र के बरौलिया पुल के पास मंगलवार शाम गर्रा नदी में घड़ियाल दिखाई देने की खबर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। नदी में घड़ियाल तैरता देखे जाने की सूचना कुछ ही देर में आसपास के गांवों में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए पुल के पास पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घड़ियाल काफी देर तक नदी में तैरता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। घड़ियाल की मौजूदगी की सूचना के बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर पशुओं को नदी में पानी पिलाने और नदी किनारे जाने को लेकर ग्रामीण सतर्क हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्रा नदी में जलीय जीवों की मौजूदगी को लेकर पहले भी चर्चाएं सामने आती रही हैं। इससे पहले सुखेता पुल के पास भी मगरमच्छ देखे जाने की बात सामने आई थी। बरौलिया पुल के पास घड़ियाल दिखाई देने की घटना के बाद ग्रामीणों में नदी के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है।
रेंजर प्रफुल्ल वर्मा ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और घड़ियाल की तलाश की जा रही है। उन्होंने लोगों से नदी के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और सावधानी बरतने की अपील की है।
Bilgram, Hardoi | Sep 16, 2026