
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, ससुराल में मिला शव; मुकदमा दर्ज
हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सतावन खेड़ा मजरा रामपुर भटौली में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रामदीन पुत्र टिकई (36) निवासी गुलाबी खेड़ा, थाना कासिमपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि रामदीन की ग्राम सतावन खेड़ा में अपने ससुर पप्पू पुत्र लालता के घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कासिमपुर में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी संडीला श्लोक गौतम ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
Bilgram, Hardoi | Sep 15, 2026