
हरदोई में एसपी का बड़ा एक्शन, तीन दरोगा और एक फॉलोअर निलंबित
हरदोई। जिले में पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में लापरवाही, अनुशासनहीनता और जनता के साथ अभद्र व्यवहार के मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने तीन उपनिरीक्षकों और एक फॉलोअर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
बेहटागोकुल थाने के उपनिरीक्षक मोहित कुमार पर लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक सभा नारायण सिंह के खिलाफ धनराशि के लेन-देन में अनियमितता और लोगों से पैसे लेने संबंधी शिकायतें सामने आने की बात कही गई है। इसके अलावा उन पर बिना अनुमति या सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के भी आरोप हैं। बताया गया है कि बाराबंकी और एटा जनपद में भी उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन शिकायतों और आरोपों के आधार पर एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया।
शाहाबाद थाने के उपनिरीक्षक दृगपाल सिंह गौर पर अधिकारियों के आदेशों-निर्देशों की अवहेलना, कार्य में लापरवाही और आमजन के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने उनके खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की है।
वहीं, सुरसा थाने में तैनात फॉलोअर शुभम गंगवार पर शराब के नशे में आम लोगों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने के आरोप हैं। पुलिस विभाग की छवि और अनुशासन को प्रभावित करने वाले इस मामले में एसपी ने शुभम गंगवार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और आमजन के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
Bilgram, Hardoi | Sep 14, 2026