प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मिला स्वीकृति पत्र
बेलागंज। प्रखंड सभागार में गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से चयनित लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र एवं शुभकामना संदेश का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार राय एवं ग्रामीण विकास पदाधिकारी स्मिता वर्मा ने लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने लाभुकों को योजना का लाभ निर्धारित नियमों के अनुसार उठाने तथा स्वीकृति मिलने के बाद आवास निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आवासविहीन परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र लाभुकों को आवास निर्माण के लिए सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में लाभुकों को आवास निर्माण से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई। स्वीकृति पत्र मिलने के बाद लाभुकों में खुशी का माहौल देखा गया। लाभुकों ने सरकार एवं विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान योजना के क्रियान्वयन एवं लाभुकों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। मौके पर विकास कुमार, शांति वर्धन गौतम समेत प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े सभी कर्मी मौजूद रहे।
Belaganj, Gaya | Aug 21, 2026