दुर्गा पूजा को लेकर एसपी ने पूजा पंडालों और विसर्जन मार्ग का किया निरीक्षण
भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का दिया निर्देश
जहानाबाद :
दुर्गा पूजा एवं मेला के मद्देनजर शनिवार की सुबह पुलिस अधीक्षक ने नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों, संभावित भीड़भाड़ वाले स्थानों और विसर्जन मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, विसर्जन जुलूस को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाए रखने और विधि-व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।