दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील स्थलों पर रहेगी विशेष नजर,
जहानाबाद : आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर शुक्रवार को पुलिस केंद्र में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करने पर जोर दिया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और विधिसम्मत तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।