दुर्गा पूजा से पहले अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, अरवल मोड़ से काको मोड़ तक चला अभियान
सड़क और फुटपाथ पर सामान रखने वालों को चेतावनी, दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कार्रवाई
जहानाबाद : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर शुक्रवार को नगर परिषद की टीम ने अरवल मोड़ से काको मोड़ तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे गए सामान और आवागमन में बाधा डालने वाली वस्तुओं को हटाया गया। दुकानदारों और फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को सड़क तथा सार्वजनिक रास्तों पर सामान नहीं रखने की सख्त चेतावनी दी गई। उन्हें निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान संचालित करने का निर्देश दिया गया।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि पूजा के दौरान बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लोगों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क पर अतिक्रमण रहने से जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इसे देखते हुए प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त रखने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा पूजा तक अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने दुकानदारों और आम नागरिकों से शहर को व्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन में सहयोग करने की अपील की है।