Writing
कोडीन कफ सिरप की अवैध बिक्री रोकने को दवा दुकानों में छापेमारी, नहीं मिली मादक दवाएं
जहानाबाद : जिले में नशीली दवाओं और कोडीन आधारित कफ सिरप की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए गुरुवार को दवा दुकानों में सघन जांच अभियान चलाया गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर उत्पाद विभाग और औषधि निरीक्षक संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से नगर थाना क्षेत्र के अरवल मोड़, मलहचक और अस्पताल मोड़ सहित विभिन्न इलाकों में दवा दुकानों की जांच की।
इस दौरान होम्योपैथिक और एलोपैथिक दवा दुकानों में कोडीन आधारित कफ सिरप की उपलब्धता, दुकानों के लाइसेंस, नवीनीकरण, दवाओं के रखरखाव और एक्सपायरी दवाओं की जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान किसी भी दुकान से मादक दवाएं बरामद नहीं हुईं।
प्रशासन ने सभी दवा दुकानदारों को प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप और अन्य मादक दवाओं की अवैध बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि अवैध शराब, मादक दवाओं और सूखे नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिदिन छापेमारी की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और उनके दुरुपयोग को रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।