दुर्गा पूजा में सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
सीसीटीवी से होगी निगरानी, संदिग्धों की जांच और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
जहानाबाद : दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को समाहरणालय में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचने और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी, सुगम आवागमन और प्रवेश-निकास मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
सीसीटीवी से होगी निगरानी, संदिग्धों पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांचने और उन्हें लगातार चालू रखने को कहा गया। प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुरक्षा जांच के साथ निर्धारित जांच केंद्रों के अलावा औचक तलाशी लेने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार मेटल डिटेक्टर का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
पुलिस को संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने और रोक-टोक अभियान प्रभावी बनाने को कहा गया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी, ब्लेड से हमला और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्ती बढ़ाने तथा संदिग्धों की जांच करने का निर्देश दिया गया।
अग्निशमन और चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों और उनके स्वयंसेवकों के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पंडालों के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने और प्रवेश-निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया।
वहीं, जिला पदाधिकारी ने पूजा पंडालों में सुरक्षित विद्युत वायरिंग, अग्निशमन उपकरणों और आग से बचाव के इंतजामों की जांच करने का निर्देश दिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक चिकित्सा और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, तेज नारायण राय, विनय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।