ग्राम तीतरी में मिट्टी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान से दिया पर्यावरण शुद्धता का संदेश
========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन में विकासखंड समन्वयक सुश्री अफ़शा खान के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था आदर्श जिज्ञासा समिति तीतरी द्वारा “माटी गणेश–सिद्ध गणेश, घर-घर गणेश” अभियान के अंतर्गत विकासखंड छिंदवाड़ा के ग्राम तीतरी में आज पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया।
अभियान के माध्यम से लोगों को मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गणेश उत्सव को पर्यावरण हितैषी बनाना तथा रासायनिक रंगों एवं अन्य प्रदूषणकारी सामग्री से होने वाले जल प्रदूषण को रोकने के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, तितरी के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए “घर-घर गणेश, हर घर गणेश, विराजे माटी गणेश” का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक सुश्री अफ़सा खान के मार्गदर्शन में प्रस्फुटन समिति से कोमल जी, नवांकुर संस्था आदर्श जिज्ञासा समिति तितरी से रामदयाल यादव, नवांकुर सखियों सहित ग्रामीण लोग तथा संस्था एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। “माटी गणेश–सिद्ध गणेश, पर्यावरण शुद्धता का संदेश” अभियान के माध्यम से जन-जन तक यह संदेश पहुंचाया गया कि हमारी आस्था के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण की सुरक्षा भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।