माटी गणेश–सिद्ध गणेश प्रशिक्षण कार्यक्रम में लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
=========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) और नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में “माटी गणेश–सिद्ध गणेश” अभियान के अंतर्गत विकासखंड अमरवाड़ा में सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं ब्लॉक समन्वयक सुश्री वंदना राकेशिया के कुशल मार्गदर्शन में सेक्टर क्रमांक 03 जुंगावानी से चयनित नवांकुर संस्था स्वामी विवेकानंद ग्रामोत्थान समिति के नेतृत्व तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सुखारी कला के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के उपयोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान “माटी गणेश–सिद्ध गणेश” जागरूकता अभियान एवं पर्यावरण जागरूकता मानव श्रृंखला कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री सूरसिंह वर्मा ने किया तथा आभार ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सुखारी कला के अध्यक्ष श्री अभय वर्मा ने व्यक्त किया।
ब्लॉक समन्वयक सुश्री वंदना राकेशिया ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस नवाचार के माध्यम से हर गांव में स्थानीय संसाधनों का उपयोग करके घातक रासायनिक सामग्री को छोड़कर हर घर तक पर्यावरण शुद्धता का संदेश पहुंचाया जा रहा है, ताकि आस्था के साथ पर्यावरण का भी संरक्षण किया जा सके। मेंटर डॉ. राजकुमार मालवी ने भी पर्यावरण संरक्षण की जानकारी देते हुए कहा कि प्राकृतिक बीजागणेश जैसी गणेश प्रतिमा स्थापित करें, जिससे पौधे के प्रति हमारी आस्था बनी रहेगी।
इस अवसर पर मेंटर श्रीमती बैजन्ती पवार द्वारा मिट्टी गणेश की प्रतिमा बनाई गई। साथ ही बीएसडब्ल्यू छात्रा कुमारी अंबिका वर्मा एवं पूनम वर्मा द्वारा भी मिट्टी से गणेश प्रतिमा तैयार की गई। नवांकुर सखियों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक सुश्री वंदना राकेशिया, ग्राम पंचायत सुखारी कला के सरपंच श्री गुरूदयाल वर्मा, नवांकुर सखियां, नवांकुर संस्था के अध्यक्ष एवं सचिव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति हिर्री मुकासा के अध्यक्ष श्री चैनसिंह पवार, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सुखारी कला के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।