पौधारोपण कार्यक्रम के साथ अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जागरूकता रैली आयोजित
==========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा बामनवाड़ा में आज “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित होकर समिति द्वारा तैयार की गई नर्सरी से उपलब्ध विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी तय की गई।
यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन तथा विकासखंड समन्वयक श्री संजय कुमार बामने के नेतृत्व एवं उपस्थिति में आयोजित हुआ। प्रभारी सेक्टर नवांकुर संस्था पंख सामाजिक विकास संस्थान जुन्नारदेव की उपाध्यक्ष श्रीमती आर्या गुप्ता एवं श्रीमती श्रद्धा विश्वकर्मा के साथ समिति अध्यक्ष श्री दुर्गेश उईके, श्री राजेंद्र झरबड़े, सचिव सुश्री स्वाति उईके, श्रीमती गायत्री उईके, श्री रमेश उईके, श्रीमती दीप्ति उईके, श्रीमती आरती उईके, श्रीमती सुशीला उईके, श्री योगेश उईके, श्री अमन भौंडे तथा समिति के सदस्यों ने पौधारोपण में सहभागिता की।
इस दौरान आम, इमली, आंवला, जाम, नींबू तथा सहजन के पौधों का रोपण किया गया। पौधों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी तय करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया।
साक्षरता के प्रति जागरूकता के लिए निकाली रैली - पौधारोपण कार्यक्रम के बाद अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को साथ लेकर ग्राम में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को साक्षरता के संबंध में जागरूक करते हुए बताया गया कि आज के समय में पढ़ा-लिखा होना कितना जरूरी है। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणजनों ने संकल्प लेते हुए कहा कि “आइये! संकल्प करें, आज के युग में हमारे आसपास कोई भी व्यक्ति निरक्षर न रहे। हर व्यक्ति साक्षर और शिक्षित होकर समृद्ध भारत के निर्माण में सहयोगी बनें।” अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।