ग्राम बुढैना में माटी गणेश-सिद्ध गणेश कार्यक्रम संपन्न
मिट्टी के गणेश बनाने का दिया प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
===========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मोहखेड़ के सेक्टर क्रमांक-2 सावरी के अंतर्गत आदर्श ग्राम बुढैना में आज माटी गणेश-सिद्ध गणेश कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं एवं स्कूली बच्चों ने मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं ब्लॉक समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे की उपस्थिति में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के कार्यों, आगामी गतिविधियों एवं माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मूर्ति कलाकार श्री अनिल पाठक द्वारा मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
विकासखंड समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों, युवाओं एवं स्कूल के बच्चों से मिट्टी के गणेश बनाने का आह्वान किया। उन्होंने ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बुढैना एवं ग्रामीणों को मिट्टी के गणेश जी स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मिट्टी से बनी प्रतिमाएं पर्यावरण के अनुकूल होती हैं। साथ ही इनके विसर्जन से जल स्रोतों में प्रदूषण भी नहीं होता है।
कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बुढैना के अध्यक्ष श्री रामचरण भलावी, सचिव श्री फुलचन्द उइके, सदस्य श्री गणपत बनके, श्री निलेश कायदा, श्री सकरलाल राज, श्री श्यामलाल, सीलू, श्री मकरलाल, श्री मारू बनके सहित स्कूल का समस्त स्टाफ एवं बच्चे, नवांकुर सखियां तथा आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने मिट्टी से बने गणेश जी को अपने-अपने घरों में स्थापित करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित एवं जागरूक करने का संकल्प लिया।