खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में होटल-ढाबों का किया निरीक्षण
अस्वच्छता मिलने पर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के दिये निर्देश
=======================================================
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं अपर कलेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा छिंदवाड़ा जिले में निरीक्षण, निगरानी एवं नमूना कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा जिले के विकासखंड चौरई क्षेत्र स्थित न्यू ग्रीन होटल का निरीक्षण कर पुरानी सलाद को हटाया गया तथा साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने के निर्देश दिए गए। ग्रीन ढाबा का निरीक्षण कर वेज एवं नॉनवेज खाद्य सामग्री अलग-अलग रखने तथा साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार छिंदवाड़ा क्षेत्र में डॉलसन होटल का निरीक्षण कर साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने एवं वॉटर टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए गए। अमरवाड़ा क्षेत्र में महिमा ढाबा का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं वॉटर टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा परासिया क्षेत्र के होटल पूनम प्लाजा, होटल जैनसंस, होटल सलूजा एवं होटल द जर्नी ऑफ टेस्ट कोसमी में भी पहुंचकर निरीक्षण कार्रवाई की गई। इस दौरान होटल पूनम प्लाजा एवं होटल सलूजा में अस्वच्छता की स्थिति पाई गई, जिस पर तत्काल साफ-सफाई रखने एवं कॉकरोच आदि इंसेक्ट को पूरी तरह समाप्त करने हेतु निर्देशित किया गया। होटल द जर्नी ऑफ टेस्ट कोसमी को खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। पाई गई कमियों के विरुद्ध संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना नोटिस जारी किए जा रहे हैं।