#Balrampur ! प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने धुसाह के पीएम श्री विद्यालय व आंगनबाड़ी का किया निरीक्षण, बच्चों से पढ़वाई किताब, कराई गोद भराई...
#बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मंगलवार को पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय धुसाह एवं परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों का शैक्षिक स्तर परखा और आंगनबाड़ी केंद्र में गोद भराई व अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने सीधे कक्षाओं में पहुंचकर कक्षा 1, 2 और 5 के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पाठ्यपुस्तकें पढ़वाकर उनके पठन कौशल को जांचा और सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछकर बौद्धिक स्तर की जानकारी ली। बच्चों द्वारा सटीक उत्तर दिए जाने पर मंत्री ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी बच्चे नियमित विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और शारीरिक व मानसिक विकास के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल कूद में अवश्य लगाएं।
उन्होंने अध्यापकों को सख्त निर्देश दिए कि बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाते हुए पठन-पाठन का बेहतर माहौल तैयार करें। इसके बाद उन्होंने विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता का जायजा लिया।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने गर्भवती महिला की गोद भराई की और मासूम को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। उन्होंने पोषण सेवाओं की समीक्षा करते हुए महिलाओं व बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur