#Balrampur ! विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा: प्रभारी मंत्री ने दिए रिंग रोड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, 'सेवा संकल्प अभियान' की रूपरेखा तय...
#बलरामपुर। प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था तथा आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की विस्तृत विभागवार समीक्षा की। उन्होंने रिंग रोड जैसी महत्वपूर्ण बुनियादी परियोजनाओं में तेजी लाने और पारदर्शी ढंग से तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के लिए अधिकारियों को ग्रामीण चौपालों व बहुउद्देशीय शिविरों के जरिए शत-प्रतिशत पात्रों तक लाभ पहुंचाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खोलने, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में लोन स्वीकृति तथा किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में बैंक या प्रशासनिक स्तर पर कोई अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला व बाल कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बाल सेवा योजना से सभी पात्र बच्चों को तत्काल जोड़ने के निर्देश दिए। वहीं, कानून व्यवस्था पर चर्चा करते हुए जनशिकायतों का संवेदनशीलता व समयबद्धता के साथ निस्तारण करने की ताकीद की।
समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने गैसड़ी क्षेत्र के ग्राम खदगौरा में वन्यजीव हमले से हुई पशु हानि के पीड़ित कन्हैयालाल को 46 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक भी सौंपा।
इस अवसर पर उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह, सीडीओ हिमांशु गुप्ता व भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur