#Balrampur! 18 सितंबर को बलरामपुर में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल: भूकंप, रासायनिक रिसाव और अग्निकांड से बचाव की परखी जाएगी तैयारी...
#बलरामपुर। शासन, राहत आयुक्त कार्यालय एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन में आगामी शुक्रवार, 18 सितंबर को बलरामपुर जनपद में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास (मॉक ड्रिल) का आयोजन किया जाएगा। जिले की तीनों तहसीलों में एक साथ आयोजित होने वाले इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदाओं से निपटने की प्रशासनिक तैयारियों को परखना और आम नागरिकों को जागरूक करना है।
जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने बताया कि जनपद के तीन प्रमुख स्थानों को मॉक ड्रिल के लिए चिह्नित किया गया है:
बलरामपुर (सदर): बलरामपुर चीनी मिल के केमिकल डिवीजन में औद्योगिक रसायन खतरे से बचाव।
तुलसीपुर: तहसील परिसर भवन में अचानक आग लगने की घटना से बचाव।
उतरौला: मो0 यूसुफ उस्मानी इंटर कॉलेज में भूकंप के दौरान स्कूली बच्चों के सुरक्षित बचाव का अभ्यास।
सघन निरीक्षण और नोडल अधिकारी की तैनाती
तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप केला ने एसडीएम सदर मनोज कुमार और जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह के साथ बलरामपुर चीनी मिल के केमिकल डिवीजन का स्थलीय निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी संदीप केला को इस पूरे आयोजन का ओवरऑल नोडल अधिकारी तथा जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह को समन्वय का दायित्व सौंपा गया है।
जोन-4 में है बलरामपुर, जन-जागरूकता जरूरी
अपर जिलाधिकारी संदीप केला ने बताया कि बलरामपुर जनपद भूकंप की संवेदनशीलता के दृष्टिगत 'जोन-4' (उच्च जोखिम वाले क्षेत्र) में आता है। ऐसे में समुदाय और प्रशासनिक तंत्र का हर समय तैयार रहना बेहद जरूरी है। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, संचार, परिवहन, शिक्षा, नगर निकाय, सेना, एनसीसी और पीडब्ल्यूडी जैसे प्रमुख विभाग आपात स्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया का अभ्यास करेंगे।
निरीक्षण के दौरान चीनी मिल सुरक्षा अधिकारी संजीव मिश्रा, अग्निशमन विभाग और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
#balrampur #dmbalrampur #DMBalrampur